बदायूं में फर्जी रसूखबाज नेताजी का खेल खत्म: रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 1.40 लाख ऐंठे, 1.07 लाख के साथ दबोचा।
CO सिटी के नाम पर वसूली, मंत्री-अफसरों संग फोटो दिखाकर धौंस जमाता था अमन मयंक शर्मा।
बदायूं, 26 अगस्त।
जनपद में खुद को भाजपा नेता और ब्राह्मण सभा युवा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताकर रौब गांठने वाले चर्चित ठग का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने रंगदारी के आरोप में मोहल्ला चौबे, कोतवाली निवासी अमन मयंक शर्मा और उसके साथी बरातेगदार, सिविल लाइंस निवासी अजय शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से वसूले गए 1.07 लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र का है। यहां की एक महिला ने कैली गांव के विजेंद्र पाल और विनय पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की थी। जांच सीओ सिटी राहुल पाण्डेय कर रहे थे।
इसी मामले में आरोपियों का पक्ष रखने पहुंचे कैली निवासी संतोष को अजय शर्मा मिला। आरोप है कि अजय ने पुलिस में ऊंची पहुंच का झांसा दिया और कहा- पैसा दे दो तो केस खत्म करा दूंगा, नहीं तो रेप केस में जेल जाओगे।
इसके बाद अजय ने अपने साथियों अमन मयंक शर्मा और अंकुर उपाध्याय के साथ मिलकर संतोष को लगातार फोन पर धमकाया और 1.50 लाख की मांग की। डर के मारे पीड़ित ने 1.40 लाख दे दिए – 70 हजार PNB खाते से, 40 हजार HDFC ATM से, 15 हजार UPI से और 15 हजार नकद।
मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो संतोष को बुलाकर पूछताछ हुई। सच्चाई सामने आने पर अमन, अजय और अंकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। तीसरे आरोपी अंकुर उपाध्याय की तलाश जारी है।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


