9:53 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

दातागंज में गूंजी सामाजिक समरसता की आवाज, ब्राह्मण समाज ने राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प

बदायूं

दातागंज में गूंजी सामाजिक समरसता की आवाज, ब्राह्मण समाज ने राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प

केशव गुप्ता

दातागंज। सिंह ब्रदर्स कोल्ड स्टोर में मंगलवार को “ब्राह्मण समाज सामाजिक समरसता संगोष्ठी” का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने सम्मिलित होकर भगवान परशुराम जी के चरणों में नमन किया तथा उपस्थित प्रबुद्धजनों से आत्मीय संवाद किया।
संगोष्ठी का आयोजन वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव दुबे उर्फ ‘नन्हे लाला पंडित’ की अध्यक्षता में तथा विपिन गुप्ता के कुशल संचालन में हुआ। कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अमिता उपाध्याय, क्षेत्रीय मंत्री रजनी मिश्रा, पूर्व जिला महामंत्री पं. शारदा कान्त ‘सीकू भैया’, ब्राह्मण संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष सुभाष शर्मा, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह उर्फ अंकित भैया एवं प्रधानाचार्य रामलड़ैते शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधान, शिक्षकगण एवं प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने कहा कि सनातन मूल्यों की रक्षा, समाज में सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में ब्राह्मण समाज का योगदान सदैव महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ना ही मजबूत और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगोष्ठी में सामाजिक एकता, सनातन मूल्यों और राष्ट्रहित को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस