7:29 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

49 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र

बदायूं: 25 अगस्त। बाल विकास परियोजना कार्यालय की चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक बदायूं श्री महेश चंद्र गुप्ता ने वजीरगंज, कादरचौक, सालारपुर एवं उझानी सहित विभिन्न विकासखंडों की 49 नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम के मुख्य अथिति सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करना हम सभी का दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को भली-भांति निभाएगा तो निश्चित रूप से एक दिन भारत विश्व गुरु बनेगा। आज विश्व में भारत का डंका बज रहा है और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हम जो सोचते हैं, उसका प्रभाव हमारे कार्यों पर पड़ता है, इसलिए सदैव अच्छा सोचें और सकारात्मक कार्य करें। आज नहीं तो कल सफलता अवश्य मिलेगी। जो व्यक्ति सबका भला सोचता है, उसका निश्चित रूप से भला होता है।
महिला मोर्चा बदायूं की जिला कोषाध्यक्ष सलोनी सुची पाठक ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका भली-भांति निर्वहन करें तथा सरकार की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बेहतर ढंग से कार्य करें। उन्होंने कहा कि ऐसी दिनचर्या बनाएं, जिससे न तो ड्यूटी प्रभावित हो और न ही घर के कार्य बाधित हों। मेहनत और लगन के साथ कार्य करते हुए देश तथा अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दें।
अंत में उन्होंने सभी नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस