6:36 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

सीकरी गांव में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से तनाव, पार्क बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना

सीकरी गांव में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से तनाव, पार्क बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना

बिसौली (बदायूं)। बिसौली तहसील क्षेत्र के फैजगंज बेहटा थाना अंतर्गत गांव सीकरी में सरकारी जमीन पर स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से मंगलवार सुबह तनाव की स्थिति पैदा हो गई। प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए अंबेडकर पार्क बनाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार को गांव के कुछ लोगों ने आसफपुर-शाहबाद मार्ग के किनारे सरकारी जमीन पर बिना प्रशासनिक अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी। रात में किसी समय प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। मंगलवार सुबह प्रतिमा जमीन पर पड़ी मिलने के बाद गांव में इसकी सूचना तेजी से फैल गई और ग्रामीण मौके पर एकत्र होकर विरोध करने लगे।

मामला बढ़ता देख कुछ ग्रामीणों ने आसफपुर-शाहबाद मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

मौके पर बिसौली सीओ अंशुमान श्रीवास्तव, कोतवाल कमलेश कुमार मिश्रा, फैजगंज बेहटा थाना प्रभारी सुभाष कुमार और चौकी प्रभारी जुगमेंद्र बालियान पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की।

राजस्व टीम ने किया मौका-मुआयना

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण किया। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि प्रतिमा किस भूमि पर स्थापित की गई थी और वहां प्रतिमा लगाने अथवा निर्माण की अनुमति थी या नहीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस