5:27 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

हजरतपुर में तेज रफ्तार कंटेनर का कहर, अधेड़ की मौत; दो मासूम बच्चियां गंभीर

बदायूं
हजरतपुर में तेज रफ्तार कंटेनर का कहर, अधेड़ की मौत; दो मासूम बच्चियां गंभीर

केशव गुप्ता

चालक कंटेनर छोड़कर फरार, पुलिस ने शुरू की जांच और तलाश
हजरतपुर। थाना क्षेत्र के हजरतपुर मोड़ रोड पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में करीब 55 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो करीब सात वर्षीय मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद चालक कंटेनर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
ग्राम ग्योति निवासी रतिराम पुत्र शिब्बू उर्फ सेवाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सात वर्षीय बेटी संध्या और भतीजी राधा पुत्री रामरतन मंगलवार सुबह करीब आठ बजे हजरतपुर मोड़ रोड पर अवधेश के भट्ठे के सामने बकरियां चरा रही थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे हजरतपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ट्रक संख्या HR 55 AT 4697 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों बच्चियों को टक्कर मार दी।
इसी दौरान रतिराम के चाचा रघुवीर पुत्र बीरबल (55 वर्ष) भी कंटेनर की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण रघुवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि हादसे के प्रत्यक्षदर्शी मृतक के भतीजे पप्पू और रामरतन भी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
परिजनों ने थाना हजरतपुर पहुंचकर अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस