

जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया पांच सूत्रीय माँग पत्र।
सवर्ण जातियों, अल्पसंख्यकों, व पिछड़े और दलित वर्ग में आरक्षण के लाभ से वंचित जातियों के सहयोग से जिला मुख्यालय पर सत्याग्रह की बनी रणनीति।
क्षत्रिय महासभा बदायूं एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में मंडलीय संगठन मंत्री विजय पाल सिंह भदौरिया व जिला अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में जातिगत आरक्षण एवम् एस सी एस टी एक्ट को समाप्त करने सहित पॉच मांगो को लेकर प्रदर्शन किया गया तथा देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री व सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री को सम्बोधित मांगपत्र जिलाधिकारी बदायूँ के माध्यम से प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए क्षत्रिय महासभा बरेली के मंडलीय संगठन मंत्री विजय पाल सिंह भदौरिया ने कहा कि जातीय आरक्षण और एस सी एस टी एक्ट जैसे कानून से समाज में विषमता बढ़ रही है। प्रतिभाएं कुंठित और हतोत्साहित होकर पलायन को विवश हो रही हैं। संविधान के लागू हुए 76 वर्ष हो गए फिर भी संविधान निर्माताओं की भावनाओं का अनादर कर दस वर्ष के लिए बनाए गए जातीय आरक्षण के प्रावधान को विस्तारित किया जाता रहा है। देश का युवा और छात्र इस व्यवस्था से त्रस्त है। हम जंतर मंतर पर चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हैं, जो पदाधिकारी दिल्ली जाना चाहते है वे जंतर मंतर पर पहुंचकर इस निर्णायक आंदोलन का समर्थन करे। अब सिर्फ राजनैतिक हितों की पूर्ति के लिए बनाए गए कानून स्वीकार नहीं किए जायेंगे। हम आर्थिक आधार पर आरक्षण के पक्षधर हैं, एक परिवार को एक बार ही आरक्षण का लाभ देने की नीति बने।
क्षत्रिय महासभा बदायूं के जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सवर्ण और सामान्य शब्दों में बहुत बड़ा अंतर है, सामान्य का आशय सवर्ण से नहीं है बल्कि सामान्य के अंतर्गत पिछड़े और दलित भी सम्मिलित है। देश की संसद में सवर्णो के कल्याण के लिए योजनाएं नहीं बनाई जाती हैं, चर्चा भी नहीं होती है, सवर्णों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को लेकर लालकिले की प्राचीर से भी घोषणाएं नहीं होती है। सवर्ण उपेक्षित है। देश का बहुसंख्यक वर्ग एस सी एस टी एक्ट के शोषण का शिकार है।
राकेश सिंह ने कहा है बदायूँ जनपद के सवर्ण जातियों के संगठनों के पदाधिकारियों से वार्ता के पश्चात शीघ्र ही जिला मुख्यालय पर जंतर मंतर की तरह ही सत्याग्रह की योजना बनाई जा रही है। सत्याग्रह में सवर्ण जातियों के साथ ही अल्पसंख्यक और आरक्षित वर्ग में सम्मिलित किंतु आरक्षण के लाभ से वंचित जातियों की सहभागिता का भी प्रयास रहेगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के संयोजक राम प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश चौहान, जिला महासचिव रतन वीर सिंह तोमर, क्षत्रिय सैनिक सभा के संरक्षक विजय रतन सिंह, सैनिक सभा के जिला अध्यक्ष सतेंद्र पाल सिंह चौहान, डॉ एस के सिंह , क्षत्रिय समाज विकास समिति के अध्यक्ष सुरेश सिंह सिसौदिया, जिला सचिव दिनेश सिंह एडवोकेट, जिला संगठन मंत्री भू राज सिंह, तहसील अध्यक्ष सहसवान आर्येंद्र पाल सिंह, पंकज सिंह एडवोकेट, नगर सचिव शेर बहादुर सिंह, अनिल तोमर, विपिन कुमार सिंह एडवोकेट , हर्षित सिंह, रामकुमार सिंह आदि की सहभागिता रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



