12:45 pm Tuesday , 25 August 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी- दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला, कार और 5 लाख की मांग

बिल्सी में दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला, कार और 5 लाख की मांग।

बिल्सी, बदायूं 25 अगस्त ।

बिल्सी थाना क्षेत्र के बाईपास रोड मोहल्ला नंबर 8 निवासी एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज में कार और 5 लाख रुपये नगद की मांग को लेकर प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी सोनम गुप्ता पुत्री नेत्रपाल गुप्ता निवासी मोहल्ला नं 8 बाईपास रोड बिल्सी की शादी 23 नवंबर 2023 को अवधेश गुप्ता पुत्र संदेश कुमार गुप्ता निवासी ग्राम बगरैन थाना वजीरगंज जिला बदायूं के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। पिता ने शादी में करीब 18 लाख रुपये खर्च कर दान दहेज दिया था।

आरोप है कि विदा होकर ससुराल जाने के बाद सास गायत्री, ससुर सर्वेश कुमार गुप्ता, पति अवधेश गुप्ता, जेठ अरविन्द व जेठानी मनीषा और ननद रूबी गुप्ता शादी में मिले सामान से खुश नहीं थे। उन्होंने चार पहिया वाहन न देने को लेकर ताना मारना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि जब प्रताड़ना बर्दाश्त से बाहर हो गई तो वह मायके आई और परिजनों को ससुरालियों द्वारा कार की मांग के बारे में बताया। मायके पक्ष ने ससुराल जाकर समझा बुझाकर मामले को शांत कराया और उसे ससुराल भेज दिया। कुछ समय बाद उसने पुत्र राधे गुप्ता को जन्म दिया। सोचा था कि ससुराल वालों के व्यवहार में परिवर्तन आएगा, लेकिन आरोप है कि मांग और बढ़ गई।

पीड़िता का आरोप है कि अब ससुरालीजन कार के साथ 5 लाख रुपये नगद लाने की मांग करने लगे और कहा कि तभी वह और उसका बच्चा ससुराल में रह पाएंगे। विरोध करने पर मारपीट की गई और उसके मायके व चढ़ावे के जेवर लेकर 8 लाख रुपये में गिरवी रखकर प्लाट ले लिया गया। इसके बाद 04 नवंबर 2025 को उसे पहने हुए कपड़ों में बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया गया।

पीड़िता अपने मायके पहुंची और छोटे भाई के साथ वापस लौटी। उसने थाना पुलिस बिल्सी व पुलिस उच्चाधिकारियों को डाक व स्वयं कार्यालय जाकर शिकायती पत्र दिए। पुलिस लाइन में मध्यस्थता केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाया गया, लेकिन दूसरा पक्ष एक भी तारीख पर उपस्थित नहीं हुआ। आरोप है कि फोन पर लगातार धमकी दी जा रही है।

कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने 19 अगस्त 2026 को पुन: पुलिस क्षेत्राधिकारी बिल्सी को प्रार्थना पत्र दिया। मामले में SHO मनोज कुमार के आदेश पर 24 अगस्त 2026 को अभियोग पंजीकृत किया गया है।

थाना बिल्सी पुलिस ने मामले में जांच उपनिरीक्षक रचना देशवाल को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस