पौध भंडारे
मंदिरों में लगा पौध भंडारा, श्रद्धालुओं को बांटे पौधे
वजीरगंज। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग की ओर से विभिन्न मंदिरों में पौध भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए जागरूक किया गया।
वन विभाग की ओर से बनखंडी मंदिर चंदौई इस्लामनगर, भोलेनाथ मंदिर वजीरगंज, हथौड़ा मंदिर, बिसौली के शिव शंकर मंदिर तथा नूरपुर पिनौनी में पौध वितरण किया गया। मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पौधे प्राप्त किए और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल भी जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए, जिससे वातावरण स्वच्छ और हरित बना रहे।
इस मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी बिसौली मनोज पाल सिंह, वन दरोगा पुष्पेंद्र गंगवार व मुकेश कुमार तथा वनरक्षक कृष्ण कुमार यादव, सुमित चौधरी और अनिकेत सिंह मौजूद रहे।

वन दरोगा पुष्पेंद्र गंगवार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पौधरोपण को जनअभियान बनाने की जरूरत है। हम सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए, ताकि पौधे पेड़ बन सकें और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और हरियाली मिल सके। मंदिरों में आयोजित पौध भंडारे का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और पौधरोपण के प्रति जागरूक करना है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



