सहसवान (बदायूं)। हिंदू शक्ति दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने प्राचीन धरोहर सरसोंता (सूरजकुंड) की करीब 100 बीघा पक्की जमीन को भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने इस भूमि पर भगवान परशुराम के नाम से कॉरिडोर बनाकर सौंदर्यीकरण कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन एसडीएम सहसवान को सौंपा।
नगर के मोहल्ला नयागंज स्थित दयानंद सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सिमरन गुप्ता ने कहा कि सरसोंता की प्राचीन धरोहर को संरक्षित करने की आवश्यकता है। आरोप लगाया कि धरोहर की भूमि पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की बिक्री कराकर बड़ी संख्या में अवैध निर्माण करा दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरसोंता कमेटी के मुख्य केयरटेकर जिला जज हैं, जिन्होंने अपना प्रतिनिधि तहसीलदार सहसवान को बनाया है। उन्होंने मांग की कि सरसोंता की केयरटेकिंग व्यवस्था में बदलाव कर इसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की देखरेख में दिया जाए।
सिमरन गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि सरसोंता की भूमि की जांच कराकर अवैध कब्जे हटाए जाएं तथा प्राचीन धरोहर को संरक्षित करते हुए भगवान परशुराम के नाम से कॉरिडोर का निर्माण और सौंदर्यीकरण कराया जाए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



