5:28 pm Monday , 24 August 2026
BREAKING NEWS

रुद्राभिषेक से होती है, अंतःकरण की शुद्धि और कल्याणकारी चेतना का जागरण : संजीव

रुद्राभिषेक से होती है, अंतःकरण की शुद्धि और कल्याणकारी चेतना का जागरण : संजीव

बदायूं : गायत्री शक्तिपीठ एवं आध्यात्मिक चेतना केंद्र पर सावन के चौथे सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच रुद्राभिषेक किया गया। आत्मीय परिजनों और शिवभक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का दुग्धाभिषेक किया। बिल्वपत्र, पुष्प, भांग, धतूरा आदि अर्पित कर मेवा-मिष्ठान का भोग लगाया गया। भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार कर भव्य आरती की गई। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
गायत्री शक्तिपीठ के परिब्राजक लेखराज जायसवाल ने कहा कि रुद्राभिषेक मनुष्य के भीतर कल्याणकारी चेतना जगाने वाला आध्यात्मिक विधान है। यजुर्वेद के श्रीरुद्रम में रुद्र की स्तुति करते हुए शांति, आरोग्य और कल्याण की भावना व्यक्त की गई है। रुद्राभिषेक इसी वैदिक भावना को जीवन में उतारने का माध्यम है।
विद्वान वेदाचार्य नरेन्द्रपाल शर्मा ने कहा कि शिव आराधना मनुष्य को तप, संयम, त्याग, करुणा और सदाचार की प्रेरणा देती है।
वरिष्ठ ट्रस्टी सुखपाल शर्मा ने कहा कि रुद्राभिषेक मन को एकाग्र करने और अंतःकरण के परिष्कार की साधना है। वेदाचार्य नत्थू लाल शर्मा ने कहा कि शिवलिंग पर जल अर्पित करने के पीछे जीवन को शीतल, सरल और संयमित बनाने का सुंदर संदेश निहित है। बिल्वपत्र श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। रुद्राभिषेक करते समय प्रकृति, राष्ट्र और समस्त प्राणियों के कल्याण की भावना रखनी चाहिए।
यज्ञवीर की उपाधि से विभूषित संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि रुद्राभिषेक और शिव की उपासना मनुष्य को त्याग, तप, करुणा और लोकमंगल का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा शिवलिंग पर निरंतर गिरती जलधारा हमें सिखाती है कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मनुष्य को अपने भीतर शीतलता, धैर्य और करुणा बनाए रखनी चाहिए। जब पूजा मंदिर से निकलकर मनुष्य के आचरण में दिखाई देने लगे, तभी रुद्राभिषेक का आध्यात्मिक उद्देश्य सार्थक होता है।
मुख्य यजमान के रूप में डीपी सिंह-श्रीमती शिवंवदा सिंह, गोपाल किशोर-नीरु देवी तथा अनूप गुप्ता-नीरु गुप्ता रहे। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-शांति, समाज में सद्भाव और विश्व कल्याण की कामना की। इस मौके पर ब्रजकिशोर तिवारी, मदनलाल, सावित्री, सीमा गुप्ता, नीलम आदि मौजूद रहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस