बदायूं। श्रावण मास के पावन अवसर पर बदायूं जनपद की सड़कों पर इन दिनों आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। जगह-जगह कांवड़िये भगवान शिव का जयघोष करते हुए, भजन-कीर्तन के साथ पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बदायूं बाईपास स्थित अवंतीबाई तिराहे के निकट श्री बिहारी जी मोटर्स की टीम द्वारा कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडेय ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने भंडारा आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं जल की व्यवस्था की गई। श्री बिहारी जी मोटर्स की टीम के सदस्यों ने स्वयं उपस्थित रहकर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा की।
इस अवसर पर सुयश राठौर, शशांक यादव, शेखर रस्तोगी, रोहित पांडेय, निखिल सक्सेना, रजत यादव, सार्थक गोयल एवं अंश गुप्ता सहित तमाम गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
आयोजन के सफल संपन्न होने पर श्री बिहारी जी मोटर्स की टीम ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा और श्रावण मास में इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



