5:57 pm Sunday , 23 August 2026
BREAKING NEWS

निर्गुण स्वर कबीर गायन कार्यशाला का समापन

वजीरगंज। बदायूं जिले के वजीरगंज क्षेत्र स्थित भारद्वाज जूनियर हाईस्कूल में संत कबीर अकादमी, मगहर एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय ‘निर्गुण स्वर’ कबीर गायन कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपेश वार्ष्णेय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को संत कबीर के निर्गुण भजनों, गायन की बारीकियों तथा संगीत की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक हितेश भारद्वाज ने प्रतिभागियों को कबीर वाणी के भाव, उच्चारण, सुर और ताल का अभ्यास कराया। थ्योरी टीचर वंदना अस्थाना ने संगीत के सैद्धांतिक पक्ष की जानकारी दी, जबकि विनय चौहान ने हारमोनियम वादन के माध्यम से प्रतिभागियों का सहयोग किया।
समापन अवसर पर बच्चों ने कार्यशाला में सीखी गई प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि दीपेश वार्ष्णेय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोक एवं निर्गुण संगीत हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आयोजकों ने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं से नई पीढ़ी को संत कबीर की वाणी तथा लोक एवं निर्गुण संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस