8:17 pm Thursday , 20 August 2026
BREAKING NEWS

सीडीओ ने बैंकर्स के साथ बैठक कर लंबित ऋण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

बदायूं: 20 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए समस्त बैंकर्स को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित ऋण प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैंक शाखाओं में लंबित आवेदन पत्रों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा अधिकारी एवं बैंकर्स एक-दूसरे पर निर्भर रहने के बजाय आपसी समन्वय से प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने वित्तीय वर्ष मार्च 2026 के ऋण-जमा अनुपात की जानकारी लेते हुए बैंकवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके और जिले में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
उन्होंने बैंक शाखाओं में लंबित आवेदन पत्रों की समीक्षा करते हुए कई प्रकरण लंबित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक बैंक अपने यहां लंबित प्रकरणों का नियमित रूप से अनुश्रवण करते हुए उनका समय से निस्तारण सुनिश्चित करे। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बैंकर्स से अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए निर्धारित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला ऋण-जमा अनुपात की प्रथम तिमाही जून 2026 की प्रगति, वार्षिक ऋण योजना 2026-27 की प्रथम तिमाही जून 2026 तक की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही बैंक शाखाओं द्वारा जारी आरसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने एनआरएलएम स्वयं सहायता समूहों की वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रगति की समीक्षा की तथा स्वयं सहायता समूहों को समय से ऋण उपलब्ध कराने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में डीआईसी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटीकला योजना की भी समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, वित्तीय समावेशन के अंतर्गत सीएफएल सेंटर, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा नाबार्ड द्वारा संचालित भारत सरकार की एआईएफ योजना सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं बैंकर्स को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं बैंकर्स मेहनत एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंकर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—-

विज्ञापन एक्सप्रेस