बरेली: रेलवे की बेटी प्रियंका गोस्वामी को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार, इज्जतनगर मंडल का बढ़ा मान।
बर्मिंघम CWG में जीता था रजत, टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भी किया भारत का प्रतिनिधित्व।
बरेली 19 अगस्त।
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल की बेटी और अंतरराष्ट्रीय रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी को इस बार अर्जुन पुरस्कार से नवाजा जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2025 की सूची जारी की है, जिसमें प्रियंका का नाम शामिल है। रेलवे में ओएसडी के पद पर कार्यरत प्रियंका की इस उपलब्धि से पूरे इज्जतनगर मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।
प्रियंका ने रेस वॉकिंग में लगातार शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेल-2022 में 10,000 मीटर रेस वॉक में रजत पदक जीता था। इसके बाद 2023 में बैंकॉक में हुई एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 20 किलोमीटर रेस वॉक में भी उन्होंने सिल्वर अपने नाम किया।
प्रियंका दो बार ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने टोक्यो-2020 और पेरिस-2024 ओलंपिक में देश के लिए चुनौती पेश की।
प्रियंका के चयन पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने बधाई देते हुए कहा कि “प्रियंका की यह उपलब्धि इज्जतनगर मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गौरव की बात है। उनकी मेहनत और लगन रेलवे के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें पूरा विश्वास है कि वह आगे भी देश और भारतीय रेलवे का नाम रोशन करेंगी।
इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार और मंडल क्रीड़ा सचिव गीता शर्मा सहित मंडल के सभी खिलाड़ियों ने भी प्रियंका को शुभकामनाएं दीं।
रेलवे परिवार अब 2025 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह का इंतजार कर रहा है, जहां प्रियंका को राष्ट्रपति के हाथों अर्जुन पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



