भरतपुर के 19 वर्षीय पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर शहर के 19 वर्षीय पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल को खेल मंत्रालय ने प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा की है। इस खबर से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रुद्रांश ने महज 8 वर्ष की उम्र में एक शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी हादसे में अपना पैर गंवा दिया था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पैरा शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया।
रुद्रांश अपने करियर में अब तक चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं और 25 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स और कई वर्ल्ड कप में उन्होंने स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए हैं।
उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए अर्जुन अवॉर्ड के लिए चयन समिति ने उनके नाम की सिफारिश की थी। केंद्र सरकार ने मंगलवार को इस सिफारिश पर मुहर लगा दी। रुद्रांश इस वर्ष अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



