बिल्सी-सतेती मार्ग पर हादसा, घायल गोवंश के इलाज में लापरवाही पर गौ रक्षा दल का डेढ़ घंटे धरना
बिल्सी। बिल्सी-सतेती मार्ग पर बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। घटना के बाद समय पर उपचार न मिलने का आरोप लगाते हुए गौ रक्षा दल के सदस्यों ने ब्लॉक परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।
गौ रक्षा दल के सदस्यों के अनुसार, हादसे के बाद घायल गोवंश की गंभीर स्थिति को देखते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर पहुंचकर विरोध जताया और पशु चिकित्सा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
धरने के दौरान टिंकू गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, मेहुल गुप्ता और विजय कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनका कहना था कि आपात स्थिति में भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा फोन न उठाना गंभीर मामला है और इससे घायल पशुओं को समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
सूचना पर बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग की मदद से घायल गोवंश का प्राथमिक उपचार कर पट्टी की गई। बाद में गौ रक्षा दल के सदस्यों ने अपने ट्रैक्टर से घायल गोवंश को बिल्सी गौशाला पहुंचाया, जहां उसकी आगे देखभाल की जा रही है।
गौ रक्षा दल ने चेतावनी दी कि भविष्य में घायल गोवंश के उपचार में लापरवाही बरती गई तो आंदोलन किया जाएगा। घटना के बाद पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



