अर्धनारीश्वर स्वरूप में सजे रघुनाथेश्वर महादेव, भारी वर्षा मे भी भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु
बदायूँ। सावन के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर श्री रघुनाथ जी मंदिर (पंजाबी मंदिर), बदायूँ में रघुनाथेश्वर महादेव का अर्धनारीश्वर स्वरूप में भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। भगवान शिव और माता पार्वती के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की।
अर्धनारीश्वर स्वरूप शिव और शक्ति के एकत्व, प्रेम, समानता और संतुलन का प्रतीक माना जाता है। महादेव के इस अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंदिर परिसर में ॐ नमः शिवाय और हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
सायंकाल महादेव के श्रृंगार के उपरांत रात्रि 8:30 बजे संकीर्तन का आयोजन हुआ। भक्तों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान शिव का गुणगान किया। इसके पश्चात रात्रि 9 बजे भगवान रघुनाथेश्वर महादेव की भव्य महाआरती हुई। शंख, घंटियों एवं दीपों की मंगलध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता कर भगवान शिव एवं माता पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाआरती के उपरांत शयन आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
महादेव के श्रृंगार में सहयोग करने वाले भक्तों में हर्षित अरोरा, अर्जुन सैनी, गणेश सैनी एवं कोमल सैनी शामिल रहे।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



