2:47 am Monday , 17 August 2026
BREAKING NEWS

संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की राय से चुना जाएगा जिलाध्यक्ष

संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की राय से चुना जाएगा जिलाध्यक्ष
बिल्सी। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत शनिवार की शाम नगर के बदायूं रोड स्थित जेएस रॉयल पैलेस में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक राजपाल खारोला, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक प्रथम योगेश दीक्षित, द्वितीय कौशलेंद्र यादव और तृतीय हेमंत चाहर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने को लेकर संवाद किया।
बैठक में पर्यवेक्षक राजपाल खारोला ने कहा कि इस बार जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का चुनाव कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों की राय के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग्य और सक्रिय कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिलने से जिले में कांग्रेस संगठन को और मजबूती मिलेगी। साथ ही कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समय से निराकरण कराने में भी मदद मिलेगी।
प्रदेश पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने के संबंध में सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की राजनीतिक एवं संगठनात्मक समस्याओं से पर्यवेक्षकों को अवगत कराया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। बैठक में जिला उपाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य कुँवर अंकित चौहान, अनिल उपाध्याय, सोनू माथुर, आशीष चंद्रा समेत जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस