बदायूं
कछला गंगा घाट पर SSP अंकिता शर्मा का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखी
केशव गुप्ता
बदायूँ। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने रविवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, घाट की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण एवं वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ एवं सतर्क रखने के निर्देश दिए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
एसएसपी ने आपात स्थिति से निपटने और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा।
उन्होंने कांवड़ यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर साईं अश्रित शखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







