8:59 pm Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

उसावां में अवैध सागौन कटान का खुलासा, दो मशीनें जब्त 35.05 कुंतल सागौन की लकड़ी बरामद, तीन आरोपी मौके से फरार

बदायूं

उसावां में अवैध सागौन कटान का खुलासा, दो मशीनें जब्त
35.05 कुंतल सागौन की लकड़ी बरामद, तीन आरोपी मौके से फरार

केशव गुप्ता

बदायूं/उसावां। वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसावां थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने ग्राम पचटियौरा दीवान नगर क्षेत्र में बिना परमिशन सागौन के पेड़ काटे जाने का मामला पकड़ा है। पुलिस ने मौके से पेड़ काटने वाली दो मशीनों को कब्जे में लिया है, जबकि काटी गई सागौन की लकड़ी को ग्रामीणों की मदद से एकत्र कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बरामद लकड़ी का कुल वजन 35.05 कुंतल बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक कविराज सिंह और कांस्टेबल रविन्द्र कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान ग्राम पचटियौरा दीवान नगर की आबादी के पश्चिम महेशपाल सिंह पुत्र पूर्णसिंह के खेत में बिना अनुमति सागौन के पेड़ काटे जाने की सूचना मिली। सूचना पर वनरक्षक अनिल राजपूत को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए रास्ते से खेत की ओर पहुंचकर देखा तो कुछ लोग सागौन के पेड़ काट रहे थे। पुलिस को देखते ही तीन लोग मौके से भागकर आसपास के खेतों में छिपते हुए फरार हो गए। मौके पर पेड़ काटने वाली दो मशीनें मिलीं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में सामने आया कि महेशपाल सिंह, ठेकेदार मनमोहन सिंह पुत्र उमेश पाल सिंह निवासी नर्वीगंज थाना उसावां और ठेकेदार शमशूल पुत्र मसीहउल्ला निवासी वार्ड नंबर-10, कस्बा उसहैत द्वारा चोरी-छिपे सागौन के हरे पेड़ काटे जा रहे थे। पुलिस के अनुसार मौके से फरार आरोपियों के खिलाफ धारा 4/10 वन संरक्षण अधिनियम-1976 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मौके पर BNSS की धारा 105 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कटी लकड़ी को कब्जे में लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से लकड़ी को श्री साईं धर्म कांटा पहुंचाकर वजन कराया गया, जहां कुल 35.05 कुंतल लकड़ी निकली। पुलिस ने लकड़ी को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई के दौरान वनरक्षक अनिल राजपूत, उपनिरीक्षक कविराज सिंह और कांस्टेबल रविन्द्र कुमार मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस