कांवड़ियों की भीड़ ने तोड़े रिकॉर्ड, कछला घाट बना मिनी कुंभ।

बदांयू 16 अगस्त।
सावन माह के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार सुबह से ही बदायूं के कछला गंगा घाट पर कांवड़ियों की भीड़ ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। दोपहर तक घाट पर ऐसा नजारा था जैसे हरिद्वार के कुंभ का संगम लगा हो।
शनिवार शाम से रविवार सुबह तक करीब 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर जलाभिषेक किया। हर तरफ “बम-बम भोले” के जयकारे और आस्था का जनसैलाब देखने को मिला।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रविवार सुबह से ही सख्ती बढ़ा दी। स्नान स्थल से 3 किमी पहले मुजरिया तिराहे पर ही डीजे, ट्रैक्टर-ट्रॉली, टेंपो और बाइकों को रोक दिया गया। इसके चलते कांवड़ियों को घाट तक पैदल चलना पड़ा। घाट पर बनी सभी पार्किंग खाली पड़ी रहीं।
इस सख्ती का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा। कछला पुल से घाट तक लगी दुकानों की बिक्री आधी रह गई। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन ने इस बार वाहनों को बहुत पहले ही रोक दिया। इतना ही नहीं, आपातकालीन सेवाओं और दूध की गाड़ियों को भी आगे नहीं जाने दिया गया।
पुलिस ने दूसरे रविवार की अव्यवस्था से सबक लेते हुए नोडल अधिकारी और नगर पंचायत कर्मियों को भी रोककर जांच की।
फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस भीड़ को नियंत्रित करने और शांतिपूर्ण जलाभिषेक कराने पर है।
अमन वार्ष्णेय
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







