बदायूं: सर्वोदय विद्यालय में 7 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, दो की हालत गंभीर
केशव गुप्ता
समरेर क्षेत्र में हड़कंप, खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने का आरोप; नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर की जांच
बदायूं के समरेर क्षेत्र स्थित JPN सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कई छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं के बीमार होने के बाद उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। अस्पताल के रजिस्टर में 7 छात्राओं के भर्ती होने की एंट्री दर्ज होने की बात सामने आई है।
अभिभावकों का आरोप है कि खाना खाने के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ी। उपचार के बाद पांच छात्राओं को उनके परिजन घर ले गए, जबकि दो छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, खाने से जुड़ी किसी समस्या की संभावना से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने तीन छात्राओं के बीमार होने की बात कही है, जबकि अस्पताल के रजिस्टर में सात छात्राओं के भर्ती होने की एंट्री बताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। जिलाधिकारी ने भी प्रकरण की जांच कराए जाने की बात कही है।
उधर, छात्राओं के अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय में छात्राओं को मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। अचानक कई छात्राओं के बीमार होने से अभिभावकों में चिंता और रोष का माहौल है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्राओं की तबीयत गर्मी के कारण बिगड़ी या फिर भोजन से संबंधित कोई समस्या इसकी वजह बनी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







