2:00 pm Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

मुरादाबाद में ट्रक से टकराई कांवड़ियों की बाइक, 2 की मौत, 1 घायल

मुरादाबाद में ट्रक से टकराई कांवड़ियों की बाइक, 2 की मौत, 1 घायल।

बदायूं के उसावां से हरिद्वार जा रहे थे तीन युवक।

बदांयू 16 अगस्त।

बदायूं जिले के उसावां कस्बे से गंगा जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की बाइक शनिवार शाम मुरादाबाद में एक ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार मुरादाबाद के एक अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार उसावां कस्बे के वार्ड नंबर सात निवासी 20 वर्षीय अभिषेक वाल्मीकि पुत्र मनोज अपने दो साथियों पवन (18) और ब्रजेश के साथ कल शाम करीब 6 बजे बाइक से हरिद्वार से गंगा जल लेकर निकले थे।

मुरादाबाद पहुंचते ही अभिषेक की बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के समय वहां कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिषेक वाल्मीकि और पवन को मृत घोषित कर दिया। ब्रजेश की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज मुरादाबाद में चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक मृतक अभिषेक उसावां कस्बे के वार्ड सात का रहने वाला था। वहीं पवन अभिषेक का रिश्तेदार था और हरदोई जिले के शाहबाद का निवासी था।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस