बदायूँ: 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने शनिवार को डायट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, शारदेंदु पाठक, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने डायट परिसर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंन विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याण योजनाओं से सम्बंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और नवजात बच्चों को अन्नप्रासन कराया व गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी की।
केन्द्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि 15 अगस्त देश की आजादी का उत्सव मनाने के साथ-साथ उन महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया, हमें अपने गौरवशाली अतीत को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष 09 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी अनेक वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके बलिदानों को सदैव स्मरण रखे और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज भारत विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है तथा प्रत्येक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से देश की एकता, अखंडता, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि देश को स्वतंत्रता प्राप्त करने में अनेक कठिनाइयों एवं बलिदानों का सामना करना पड़ा। आज देश एवं प्रदेश निरंतर विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जातिवाद देश को कमजोर करता है, इसलिए सभी को इससे दूर रहकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तभी भारत विश्वगुरु बन बनेगा।
अन्त में जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने सभी अथितियों व आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर सांईआश्रित शाखमुरी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






