


वजीरगंज, बदायूं।
आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को वजीरगंज कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देशभक्ति की ऐसी बयार बही कि पूरा क्षेत्र तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कस्बे के मुन्नालाल इंटर कॉलेज, नाथूलाल सेवक इंटर कॉलेज, आरवी इंटर कॉलेज, एनआर इंटर कॉलेज, नगर पंचायत कार्यालय, विकासखंड कार्यालय, थाना वजीरगंज, पीएम श्री विद्यालय तथा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी प्रतिष्ठानों में विभागाध्यक्षों और प्रधानाचार्यों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ भारत माता और देश के वीर शहीदों के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने बैंड-बाजों के साथ नगर में प्रभात फेरियां निकालीं। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए बच्चे जब नगर की गलियों से गुजरे तो लोगों में भी देशप्रेम की भावना उमड़ पड़ी। नगरवासियों ने जगह-जगह प्रभात फेरियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बच्चों के उत्साह और कदमताल ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
वहीं नगर के युवाओं ने भी स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। युवाओं ने अपनी बाइकों पर तिरंगा झंडा लगाकर देशभक्ति रैली निकाली। रैली के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा नगर गूंजता रहा। तिरंगे से सजी बाइकों की कतार और युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया और युवाओं से राष्ट्रहित, एकता, भाईचारे और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया। पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति गीतों और नारों की गूंज सुनाई देती रही।
तिरंगे की शान, शहीदों का सम्मान और भारत माता के जयघोष के साथ वजीरगंज में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस लोगों के दिलों में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा और उत्साह भर गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






