बिल्सी विधानसभा को विकास की नई दिशा, जरीफपुर गढ़िया में राजकीय हाईस्कूल का भूमि पूजन व शिलान्यास
बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देते हुए ग्राम जरीफपुर गढ़िया में क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने राजकीय हाईस्कूल के निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को विधायक ने संबोधित किया।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र का सतत एवं सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार और उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि क्षेत्र का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करे। उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को दूर न जाना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल के निर्माण से जरीफपुर गढ़िया सहित आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश और बिल्सी विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से शिक्षा के महत्व को समझने और अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर बिल्सी क्षेत्र को शिक्षित और समृद्ध बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

