हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त 2026 को राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं को विभाजन की त्रासदी और उसके प्रभावों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात् महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. संध्या सक्सेना ने छात्राओं को हर घर तिरंगा अभियान की प्रासंगिकता बताते हुए विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह दिवस देश के विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। तदुपरान्त डॉ. वेद प्रकाश ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं को विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके दुष्परिणामों तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की प्रासंगिकता से अवगत कराया। छात्राओं ने डॉक्यूमेंट्री को गंभीरता और रुचि के साथ देखा।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. अर्चना पाण्डेय रहीं। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. ऋषभ भारद्वाज, श्री सीताराम, श्री रोहित कुमार सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

