7:01 pm Friday , 14 August 2026
BREAKING NEWS

₹12 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के दो कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

बदायूं

₹12 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के दो कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

केशव गुप्ता

बदायूं/जरीफनगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जरीफनगर क्षेत्र में बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को ₹12 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, जरीफनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुड़ई निवासी सर्वेश कुमार ने शिकायत की थी कि खेत में लगा ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर विद्युत बिल माफी के अंतर्गत लगवाने के नाम पर उनसे ₹12 हजार की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की ट्रैप टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की। टीम ने टीजी-2 हरदेवा राम निवासी जिला नागौर, राजस्थान तथा संविदाकर्मी लाइनमैन मानक चन्द्र यादव निवासी आरिफपुर भगता नगला, थाना जरीफनगर, बदायूं को निर्धारित योजना के तहत रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।

बताया गया कि दोनों आरोपी जरीफनगर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से संबंधित हैं। टीम ने आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की रकम ₹12 हजार बरामद की।

कार्रवाई का नेतृत्व ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने टीम के अन्य सदस्यों के साथ किया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की ओर से दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सहसवान, जनपद बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने पर इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस