बदायूं
कछला घाट पर SSP अंकिता शर्मा का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था परखी
केशव गुप्ता
“Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य को लेकर कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
बदायूँ। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने गुरुवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, घाट की सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधार कराया जाए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ एवं सतर्क रखी जाए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता दें।




उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

