बदायूं, 13 अगस्त। राष्ट्रीय आह्वान पर गुरुवार को बदायूं में किसानों ने ट्रैक्टर तिरंगा झंडा यात्रा निकाली। यात्रा आरटीओ कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची। किसानों ने अपने-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा झंडा लगाकर यात्रा में हिस्सा लिया और किसान संगठनों के समर्थन में नारे लगाए।
आरटीओ कार्यालय पर सुबह करीब 11 बजे से किसान एकत्र होना शुरू हो गए। जलपान के बाद दोपहर करीब 1 बजे मोटरसाइकिलों के साथ आगे चल रहे किसानों और पीछे कतारबद्ध ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा इस्लामिया इंटर कॉलेज पहुंची, जहां वाहनों को खड़ा करने के बाद पंचायत का आयोजन किया गया।
पंचायत की अध्यक्षता जिला संयोजक राजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम में पुराने संगठन के पदाधिकारियों समेत बदायूं और दातागंज तहसील क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
पंचायत में उठे किसानों के प्रमुख मुद्दे
किसानों ने पुलिस एवं प्रशासन से जुड़े कई मामलों को पंचायत में प्रमुखता से उठाया। इनमें एक मामले में गंभीर धाराओं में कार्रवाई, गांव परौली में गरीब के मकान पर कथित कब्जे, फैजगंज-ओरछी चौराहे पर खड़ी मोटरसाइकिल के 6 हजार रुपये के चालान तथा उघैती थाना क्षेत्र से जुड़े एक अन्य प्रकरण का मुद्दा शामिल रहा।
किसान संगठन ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और न्याय के लिए है, इसलिए पीड़ित लोगों को न्याय दिलाया जाना चाहिए।
ज्ञापन में उठाईं किसान हित की मांगें
किसानों ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में खाद-बीज, बिजली, एमएसपी गारंटी कानून, खाद वितरण के नए नियमों को निरस्त करने, आधार कार्ड एवं खतौनी के आधार पर खाद उपलब्ध कराने तथा किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग रखी।
इसके अलावा किसानों ने विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने का भी विरोध किया। किसानों का कहना था कि जब जनता को स्मार्ट मीटर की आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है तो इन्हें जबरन लगाए जाने का क्या औचित्य है।
यात्रा के बाद जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। आयोजकों ने भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर, कार और मोटरसाइकिल लेकर पहुंचे किसान साथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

