महिला कल्याण विभाग ने दी वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी
बिसौली, मुड़िया और फैजगंज बेहटा में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित
बदायूँ, 13 अगस्त 2026।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से नगर पालिका बिसौली, नगर पंचायत मुड़िया तथा फैजगंज बेहटा में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर श्रीमती प्रतिक्षा मिश्रा ने महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के साथ-साथ महिला एवं बालिकाओं के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 102, 108 एवं 1098 के बारे में भी बताया।
हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पति की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता एवं आर्थिक सहायता तथा निराश्रित महिला की पुत्री के विवाह हेतु अनुदान जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की गई।
संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर, मस्जिद, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, ढाबों, दुकानों एवं कारखानों आदि स्थानों पर बाल श्रम या भिक्षावृत्ति में लगे बच्चों को रेस्क्यू कर उनके पुनर्वासन की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसी बच्चे को समस्या होने पर 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में बाल विवाह की रोकथाम, पॉश एक्ट, मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली परेशानियों तथा बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया।
लोगों को कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों ने उत्सुकता के साथ योजनाओं और कानूनों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर वार्ड सभासद, नगर पालिका/नगर पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, क्षेत्रीय लेखपाल, एएनएम, आशा कार्यकत्री, डोली परामर्शदाता वन स्टॉप सेंटर, प्रतिक्षा मिश्रा सेंटर मैनेजर वन स्टॉप सेंटर, डीएमसी एचईडब्ल्यू छवि वैश्य, जेएस एचईडब्ल्यू प्रीती चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह एवं संरक्षण अधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

