बिसौली (बदायूं) बिसौली तहसील के मुख्य गेट पर खड़े एक प्राइवेट चौकीदार की जिंदगी महज कुछ सेकंड में खत्म हो गई। तेज रफ्तार कार ने बिजली के खंभे में ऐसी टक्कर मारी कि खंभा टूटकर सीधे चौकीदार के ऊपर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को पहले सीएचसी और फिर मुरादाबाद के हायर सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव सर्वा निवासी 55 वर्षीय कुंवरपाल पुत्र हेतराम बिसौली तहसील में निजी तौर पर चौकीदारी का कार्य करते थे।
वह किसी कार्य से तहसील परिसर पहुंचे थे और मुख्य गेट के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया,
टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा जड़ से टूटकर सीधे कुंवरपाल के ऊपर गिर पड़ा। इस दौरान गाड़ी ने उसे कुचल दिया और हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर कर दिया। बुधवार सुबह उपचार के दौरान कुंवरपाल ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना करने वाले वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। तहसील परिसर के बाहर हुई इस दर्दनाक घटना से स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

