“हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत निकाली गई तिरंगा रैली
राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 12 अगस्त 2026 को तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर संध्या सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर प्राचार्या महोदया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे राष्ट्रीय गौरव, एकता, अखंडता एवं देशभक्ति का प्रतीक है। “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
तिरंगा रैली में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” सहित देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न नारों का उद्घोष किया। रैली के माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भावना का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठतम प्राध्यापक डॉ. मनोज कुमार, डॉ. वेद प्रकाश, श्रीमती अर्चना पांडे, राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज, रेंजर्स प्रभारी डॉ. भावना सिंह सहित समस्त महाविद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। तिरंगा रैली उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






