12:41 am Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे पीस पार्टी कार्यकर्ता, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बदायूं। पीस पार्टी के कार्यकर्ता बुधवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष सलीम खान ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष अतीक अब्बासी कादरी मौजूद रहे।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अतीक अब्बासी कादरी ने कहा कि पार्टी अनुसूचित जाति के आरक्षण में धर्म के आधार पर भेदभाव समाप्त करने और दलित मुस्लिमों को भी आरक्षण का लाभ दिए जाने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त 1950 को जारी संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश में धार्मिक आधार पर अनुसूचित जाति की पात्रता को सीमित किया गया था। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार मूल आदेश में यह प्रतिबंध हिंदू धर्म से अलग धर्म मानने वालों पर था, जिसे 1956 में सिख धर्म को शामिल करने और 1990 में बौद्ध धर्म को शामिल करने के लिए संशोधित किया गया।

अतीक कादरी ने कहा कि मुस्लिम समाज के दलित वर्ग को भी अनुसूचित जाति के आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए और इसके लिए केंद्र सरकार से आवश्यक संवैधानिक बदलाव की मांग की जा रही है।

जिलाध्यक्ष सलीम खान ने कहा कि पीस पार्टी पिछले 18 वर्षों से दलित मुस्लिम समाज के हितों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष 10 अगस्त को अनुसूचित जाति के धार्मिक प्रतिबंध संबंधी प्रावधान के विरोध में आवाज उठाती है और राष्ट्रपति से इस व्यवस्था में बदलाव कर मुस्लिम समाज को आरक्षण का लाभ देने की मांग करती है।

इस मौके पर जफर उद्दीन अंसारी, एडवोकेट फहीम खान, अबरार अल्वी, समीम सलमानी, मोहसिन खान, अदील अंसारी, बबलू खान और कामिल अंसारी सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं सदस्य मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस