शिवतेरस पर कृष्णा पार्क कॉलोनी के मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
बदायूँ। कृष्णा पार्क कॉलोनी स्थित पार्क वाले मंदिर में मंगलवार को पावन शिवतेरस के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अभिषेक कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान हर-हर महादेव एवं ॐ नमः शिवाय के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कॉलोनी निवासी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि शिवतेरस का पर्व भगवान महादेव की आराधना और उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करने का विशेष अवसर है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से कॉलोनी में आपसी प्रेम, भाईचारा और धार्मिक एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सभी कॉलोनीवासियों का एक साथ मिलकर पूजा-अर्चना में शामिल होना अपने आप में एक सुखद और भक्तिमय अनुभव रहा।
इस धार्मिक आयोजन में कृष्णा पार्क कॉलोनी के बड़ी संख्या में निवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भगवान महादेव के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक विशेष उत्साह दिखाई दिया।
पूजा-अर्चना के उपरांत ठंडाई एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
कॉलोनी अध्यक्ष श्री सुनील धीगंडा जी ने इस आयोजन को आपसी प्रेम, भक्ति और धार्मिक एकता को बढ़ावा देने वाला बताते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में श्री नंद लाल जी, पारितोष भारद्वाज जी, सुधीर रस्तोगी जी, कपिल कालडा जी , मयूर मलिक जी, दीपक गुप्ता जी, घनेंद्र मौर्य जी, कामेंद्र जी, पंकज पाठक जी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी निवासी उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
