1:09 am Friday , 14 August 2026
BREAKING NEWS

श्री रघुनाथ जी मंदिर में महारुद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ एवं भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

श्रावण शिवतेरस पर श्री रघुनाथ जी मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव

महारुद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ एवं भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

बदायूं। श्रावण मास की पावन शिवतेरस के अवसर पर मंगलवार को श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में भगवान भोलेनाथ के महारुद्राभिषेक एवं सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ एवं श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सायं 5:30 बजे महारुद्राभिषेक का शुभारंभ विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिवलिंग का अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बम-बम भोले एवं ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजता रहा।

महारुद्राभिषेक के साथ सुंदरकांड पाठ भी हुआ। श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी की भक्ति में श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। सुंदरकांड की चौपाइयों एवं भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

सायं 8:30 बजे भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती हुई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में सहभागिता कर भगवान शिव के दिव्य दर्शन किए। इसके बाद शयन आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।

श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, संस्कार, सेवा, सद्भाव एवं आपसी एकता की भावना मजबूत होती है।

श्री ओम प्रकाश कोचर जी ने आयोजन में सहभागी सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भगवान भोलेनाथ एवं श्री हनुमान जी से सभी के सुख, शांति एवं मंगल की कामना की।

आयोजन के दौरान हर-हर महादेव, जय श्री राम एवं जय बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस