बदायूं
पुरानी रंजिश में महिला की हत्या, वांछित आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा किया बरामद
केशव गुप्ता
कादरचौक, बदायूँ। 11 अगस्त।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव काशीनगला में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गांव काशीनगला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हुई थी। आरोप है कि अनिल पुत्र नवाब सिंह समेत अन्य आरोपियों ने पातीराम के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। पातीराम के भाग जाने के बाद उसकी मां जयदेवी को अनिल ने डंडा मार दिया। गंभीर चोट लगने से जयदेवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के संबंध में पातीराम की तहरीर पर थाना कादरचौक में मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को पुलिस ने वांछित आरोपी अनिल पुत्र नवाब सिंह निवासी काशीनगला को धौकन नगला तिराहे के पास यात्री शेड से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर गंगी नगला गांव के बाहर पुलिया के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
