बदायूं
कछला घाट और कांवड़ मार्ग का एएसपी सिटी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
केशव गुप्ता
बदायूं, 11 अगस्त। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कछला घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
एएसपी सिटी ने निर्देश दिए कि टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों को निर्धारित पार्किंग से आगे न जाने दिया जाए। सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। थाना प्रभारी उझानी एवं यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि कोई भी वाहन पुल अथवा घाट की ओर न जाने पाए।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों एवं कछला घाट पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन का लक्ष्य “Zero Incident, Zero Accident” के साथ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
