9:21 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की मासिक पंचायत

बदायूं, 11 अगस्त। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की मासिक पंचायत मालवीय आवास गृह में आयोजित की गई। पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि किसान तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। इस दौरान नायब तहसीलदार छबील को जिलाधिकारी के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में उसहैत क्षेत्र के गांवों में बाढ़ से हुई जनहानि का राजस्व विभाग से आकलन कराकर प्रभावित किसानों को उचित सहायता दिलाने की मांग की गई। वहीं अंबियापुर विकासखंड के ग्राम पिण्डोल में जल जीवन मिशन के तहत बने ओवरहेड टैंक से बाधित जलापूर्ति को तत्काल बहाल कराने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व सड़कों की मरम्मत की मांग उठाई गई।

विकासखंड उसावां के ग्राम टिकरा में बने आंगनबाड़ी केंद्र को अधिकारियों की लापरवाही के कारण अब तक शुरू न किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। जिला महासचिव बीयीशुदास ने पोषाहार वितरण शुरू कराने की मांग की।

इसके अलावा टिकरा में अधूरी पड़ी गौशाला का निर्माण जल्द पूरा कराने तथा तब तक आवारा गोवंश के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की गई। किसान नेताओं ने पूरे जनपद में यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसान हित में सरल नियम बनाने की मांग भी रखी।

पंचायत में यार्वेंद्र यादव, नूरुद्दीन, बीयीशुदास, सत्येंद्र यादव, मुन्शी, इरशाद खान, छत्रपाल यादव, छोटे सलमानी, ओमकार, भगवान दास राजपूत, शराफत खां, मुमत्याज खां, सत्यपाल और जान मोहम्मद समेत अन्य किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस