6:49 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

स्कॉर्पियो की टक्कर से गोवंश घायल, ग्रामीणों ने डॉक्टर को पीटा; पुलिस ने सुरक्षित निकाला

बदायूं

स्कॉर्पियो की टक्कर से गोवंश घायल, ग्रामीणों ने डॉक्टर को पीटा; पुलिस ने सुरक्षित निकाला

केशव गुप्ता

उसावां/बदायूं। फर्रुखाबाद रोड पर म्याऊं क्षेत्र के बिचपुरी गांव के पास मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब उसावां के निवर्तमान MOIC डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ की स्कॉर्पियो कार की एक गोवंश से टक्कर हो गई। हादसे में गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को रोक लिया और कार में सवार डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और किसी तरह डॉक्टर को ग्रामीणों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। संगठन से जुड़े लोगों ने कार चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, घायल गोवंश का उपचार कराया गया। उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज और देखभाल के लिए उसे गौशाला भेजने की तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामले को शांत कराया। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और मारपीट तथा दुर्घटना के कारणों को लेकर तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस