8:04 am Monday , 28 September 2026
BREAKING NEWS

कादरचौक: हाईटेंशन लाइन के लटके तार से हुऐ हादसे में कांवड़िया की मौत, 10 बच्चे झुलसे, ग्रामीणों ने थाने पर किया प्रदर्शन

कादरचौक: हाईटेंशन लाइन के लटके तार से हुऐ हादसे में कांवड़िया की मौत, 10 बच्चे झुलसे, ग्रामीणों ने थाने पर किया प्रदर्शन।

बदांयू 11 अगस्त।

कादरचौक क्षेत्र के गौरामई गांव में हाईटेंशन लाइन के लटके तारों की वजह से हुई दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ट्रॉली लटके तार से छू गई थी, जिससे उसमें करंट फैल गया। इस हादसे में एक कांवड़िये रोहित कुमार की मौत हो गई और गांव के करीब 10 बच्चे झुलस गए थे।

कार्रवाई न होने से नाराज परिजन और ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर बड़ी संख्या में कादरचौक थाने पहुंचे। मृतक रोहित की पत्नी नेहा ने थाने में तहरीर सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह के सामने हाईटेंशन लाइन के लटके तार को हादसे की वजह बताया। इसके बाद सीओ चार लोगों को लेकर एसपी अंकिता शर्मा से मिलाने ले गए। परिजनों ने एसएसपी को हादसे की पूरी परिस्थिति बताई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग रखी।

एसएसपी ने परिजनों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने साफ किया कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है।

इधर घटना का सच सामने लाने के लिए डीएम अवनीश राय ने एसडीएम सदर, सीओ उझानी और विद्युत निगम के अभियंता को शामिल करते हुए एक जांच टीम गठित कर दी है। यह टीम जांच करेगी कि हादसा हाईटेंशन लाइन से हुआ या जनरेटर से। रिपोर्ट आने के बाद ही असल कारण स्पष्ट होगा।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की तरफ से हादसे का कारण जनरेटर बताया जा रहा है जो गलत है। असल में हादसा हाईटेंशन लाइन के लटके तार की वजह से हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन पहले ही लाइन ठीक कर देता तो जान नहीं जाती।

अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। हल्का लेखपाल गांव पहुंचकर दस्तावेज भी ले गए हैं।

फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस