4:29 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

दास कॉलेज की छात्रा मानसी पटेल का यूपी बॉक्सिंग टीम में चयन

बदायूं 11 अगस्त।।

बदायूं। एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज की छात्रा एवं नगला शर्की निवासी मानसी पटेल ने वाराणसी में आयोजित मुक्केबाजी चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की मुक्केबाजी टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

मानसी पटेल अब भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI) द्वारा आयोजित BFI Elite पुरुष एवं महिला Open Boxing Championship–2026 में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 17 से 23 अगस्त 2026 तक इंदिरा स्टेडियम, नाहन, हिमाचल प्रदेश में आयोजित की जाएगी। खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग एवं स्पोर्ट्स एंट्री जांच 16 अगस्त को होगी, जबकि टीम का प्रस्थान 24 अगस्त को निर्धारित है।

मानसी पटेल ने मुक्केबाजी का प्रशिक्षण दास कॉलेज में कार्यरत सहायक आचार्य एवं मुक्केबाजी प्रशिक्षक प्रिंस विशाल दीक्षित से प्राप्त किया है। उनके प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में मानसी ने अपनी तकनीकी दक्षता, फिटनेस तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में निरंतर सुधार किया। वाराणसी में आयोजित चयन प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें उत्तर प्रदेश टीम में जगह मिली।

प्रिंस विशाल दीक्षित स्वयं राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज रहे हैं तथा एक कुशल एवं अनुभवी प्रशिक्षक के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। उनके मार्गदर्शन में पिछले वर्ष भी दास कॉलेज से कई मुक्केबाजी प्रतिभाएं सामने आई हैं, जिन्होंने विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है।

मानसी के प्रदर्शन पर उनके कोच प्रिंस विशाल दीक्षित ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “मानसी पटेल न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी अत्यंत मजबूत खिलाड़ी हैं। वह नियमित रूप से खेल के प्रति अपना रुझान और प्रतिबद्धता प्रदर्शित करती हैं। उनकी मेहनत और अनुशासन के कारण उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। आगे भी उनसे इसी तरह के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।”

वहीं मानसी पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं अपने कोच प्रिंस विशाल दीक्षित को दिया। उन्होंने कहा कि माता पिता के संघर्ष और प्रिंस के सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश और अपने महाविद्यालय का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।

मानसी पटेल की इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की छात्रा का उत्तर प्रदेश की टीम में चयन पूरे कॉलेज के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करेगी।

महाविद्यालय परिवार ने मानसी पटेल को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट——

विज्ञापन एक्सप्रेस