4:21 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

वजीरगंज नगर पंचायत की लापरवाही: शिवरात्रि पर कूड़े की ट्रॉली बनी भक्तों की बाधा।

बाजार में 3 घंटे से खड़ी खराब ट्रॉली, अध्यक्ष जहीर अहमद पर सवाल।

वजीरगंज बदांयू 11 अगस्त।

सावन मास की शिवरात्रि पर शिवभक्तों की आस्था और नगर पंचायत की व्यवस्था आमने-सामने आ गई। वजीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई। बीच बाजार में कूड़े से लदी एक खराब ट्रॉली घंटों तक खड़ी रही, जिससे न सिर्फ शिव मंदिर जाने वाले भक्तों को परेशानी हुई, बल्कि दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का जीना भी दूभर हो गया।

मंगलवार को शिवरात्रि के चलते सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ थी। जलाभिषेक के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का मुख्य मार्ग ही जाम हो गया, क्योंकि नगर पंचायत की एक कूड़ा ट्रॉली खराब होकर बाजार के बीचों-बीच खड़ी कर दी गई थी। ट्रॉली कूड़े से पूरी तरह भरी थी और उससे उठ रही दुर्गंध से पूरा इलाका बदबू से भर गया।

स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि ट्रॉली सुबह से खड़ी है, लेकिन उसे हटवाने वाला कोई नहीं है। दुकानदार रामप्रकाश ने कहा: ग्राहक सामान लेने से पहले ही नाक बंद कर लेते हैं। सावन में बिक्री का समय है और यहां बदबू के मारे बैठना मुश्किल हो रहा है।

आसपास के घरों में रहने वाली महिलाओं ने भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बच्चे और बुजुर्ग दुर्गंध के कारण घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कई श्रद्धालुओं को कूड़े के ढेर के बगल से होकर मंदिर तक जाना पड़ा।

सबसे बड़ा सवाल नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर अहमद की कार्यशैली पर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत के 3 घंटे बाद भी अध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंचे और न ही ट्रॉली हटवाने के कोई निर्देश दिए गए।

चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे होते हैं, लेकिन त्योहार पर भी व्यवस्था नहीं संभलती, एक बुजुर्ग भक्त ने कहा।

नगर पंचायत की इस लापरवाही से साफ है कि सावन जैसे पवित्र महीने में भी सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। अब देखना होगा कि खबर के बाद प्रशासन नींद से जागता है या ट्रॉली यूं ही भक्तों की आस्था के बीच खड़ी सड़ती रहेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस