बदायूं: रामा हॉस्पिटल पर फिर लापरवाही का आरोप, PRD जवान की मौत से परिजनों का हंगामा, पुलिस पहुंची।
बदांयू 11 अगस्त।
बदायूं के इंदिरा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पथरी के ऑपरेशन के बाद संक्रमण फैलने से PRD जवान की मौत हो गई। मौत से नाराज परिजनों ने मंगलवार सुबह हॉस्पिटल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के मुताबिक, जगत थाना क्षेत्र के निवासी PRD जवान जगदीश 50 पुत्र भूप सिंह को पथरी की शिकायत के बाद तीन दिन पहले रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया।
मृतक के बेटे का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद जगदीश के शरीर में संक्रमण फैल गया। हालत बिगड़ने पर जब परिजनों ने मरीज को बाहर किसी बड़े अस्पताल ले जाने की बात कही तो डॉक्टरों ने मना कर दिया।
मंगलवार सुबह जगदीश की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हॉस्पिटल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों को खरी-खोटी सुनाई। परिजनों का कहना था कि समय पर इलाज और रेफर न करने की वजह से उनके घर का चिराग बुझ गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
उल्लेखनीय है कि करीब पखवाड़े भर के अंदर रामा हॉस्पिटल में यह दूसरी मौत है। इससे पहले भी यहां एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
