9:54 pm Thursday , 1 October 2026
BREAKING NEWS

कछला गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

कछला गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, ‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ का लक्ष्य

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बदायूं श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने सोमवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।

यातायात और भीड़ नियंत्रण की भी समीक्षा

कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उद्देश्य है कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत एवं सतर्क रखने के निर्देश दिए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने को कहा गया।

आपसी समन्वय से होगी व्यवस्था

अधिकारियों ने निर्देशित किया कि यातायात सुचारु रखने, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान एडीएम-ई श्री अरुण कुमार, एसडीएम सदर श्री साईं अश्रित शखमुरी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी श्री सुनील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.