कछला घाट पर कांवड़ियों का सैलाब, 4 KM लगा जाम, DM-SP ने संभाला मोर्चा ।
बदांयू 10 अगस्त।
सावन माह के दूसरे सोमवार को भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बीती रात कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस बार जल भरने आए कांवड़ियों की संख्या ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। रविवार सुबह से ही घाट पर करीब तीन लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके थे और देर रात तक यह आंकड़ा 6 से 7 लाख के पार पहुंचने की संभावना जताई गई।
भीड़ के चलते रविवार रात कछला घाट के आसपास करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में कांवड़ियों के जत्थे घंटों फंसे रहे। कछला की कोई गली- मोहल्ला नहीं बचा जिसमें बाइक सवारों और पैदल श्रद्धालुओं का जनसैलाब ना दिखा।
जाम की वजह से हजारों श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक वापस लौटने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भीड़ इतनी अधिक थी कि घाट के आसपास बनी पार्किंग और रैन बसेरा पूरी तरह फुल हो गए। मोटरसाइकिल और कार खड़ी करने तक के लिए जगह नहीं बची। रात में तो घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पडा।
कछला घाट पुल व हाइवे पर बढ़ती भीड़ और जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने देर रात तक खुद कमान संभाली। दोनों अधिकारी रात 2 बजे तक घाट की व्यवस्था परखते रहे और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पल-पल पर नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए सड़क पर आवागमन बेहतर बनाने को भी कहा।
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही हालात सामान्य हो सके। हालांकि सोमवार सुबह तक भी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बरकरार रही और कांवड़ियों का आना-जाना जारी रहा।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


