11:35 am Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

हर दिशा में शिव, हर जुबां पर ‘हर-हर महादेव’ भगवा सैलाब में डूबा हाइवे

हर दिशा में शिव, हर जुबां पर ‘हर-हर महादेव’
भगवा सैलाब में डूबा हाइवे, चरम पर पहुंची कांवड़ यात्रा।

उझानी-बदांयू 10 अगस्त।

कांवड़ यात्रा अब अपने चरम पर है। शिवभक्ति का ऐसा अद्भुत नजारा इन दिनों बरेली मथुरा हाईवे पर देखने को मिल रहा है, लगता है पूरा शहर ही शिवमय हो गया है। सड़कों से लेकर चौराहों तक, हर ओर सिर्फ एक ही गूंज है – “बोल बम, हर-हर महादेव”।

कांवड़ यात्रा के प्रवेश करते ही बदांयू से लेकर उझानी,कछला तक हाइवे पूरी तरह आस्था के रंग में रंग गया है। लाखों की संख्या में कांवड़िए भगवा वस्त्र धारण कर, कंधों पर सजी-धजी कांवड़ें लेकर शहर से गुजर रहे हैं। रात होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाती कांवड़ें, विशाल डीजे की धुन और भव्य झांकियां इस यात्रा को दिव्य स्वरूप दे रही हैं। शिवभक्ति के गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं को देखकर हर कोई अभिभूत है।

इस बार प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं ने मिलकर सेवा की मिसाल पेश की है। शहर और हाईवे पर जगह-जगह करीब 70 नए सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों के लिए भंडारे, ठंडा पानी, शरबत, फल, जूस, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम की पुख्ता व्यवस्था की गई है।

हर कदम पर सेवा का भाव इस धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा रहा है। हाईवे अब सिर्फ पड़ाव नहीं, बल्कि शिवभक्ति और सेवा का जीवंत केंद्र बन गया है।

कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात को सुचारू रखने के डायवर्जन भी लागू किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शाम ढलते ही पूरा माहौल भक्ति, उत्साह और आस्था से सराबोर हो जाता है। उझानी की सड़कों पर दिख रहा यह नजारा वाकई अविस्मरणीय है – जहां हर दिशा में शिव हैं और हर जुबां पर महादेव का नाम।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस