बदायूं
बिसौली में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, हाईवे से हटे अवैध कब्जे; प्रशासन ने दी मुकदमे की चेतावनी
केशव गुप्ता
बिसौली (बदायूं)। नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने एम-एफ हाईवे पर बुलडोजर चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में नगर पालिका कर्मियों और कोतवाली पुलिस ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। नगर पालिका की टीम ने सड़क पर रखे सामान को जब्त भी किया। प्रशासन का कहना है कि एम-एफ हाईवे पर लंबे समय से अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अभियान के दौरान तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार ने अतिक्रमण करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी कि हाईवे और सार्वजनिक मार्गों से तत्काल कब्जा हटा लें। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर कोतवाल कमलेश मिश्रा, नायब तहसीलदार मो. हारिस खान, नगर पालिका लिपिक राजीव कुमार, जितेंद्र सिंह सहित प्रशासन एवं नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
