सहसवान। सहसवान का रोडवेज बस अड्डा पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। समय-समय पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा बस अड्डे के संचालन को लेकर बड़े-बड़े दावे और आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन आज तक बस अड्डे का नियमित संचालन शुरू नहीं हो सका।
बस अड्डा बंद होने के कारण सहसवान एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे या अन्य स्थानों पर इंतजार करना पड़ता है, जिससे बारिश, गर्मी और यातायात की अव्यवस्था जैसी समस्याएं भी झेलनी पड़ती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रोडवेज बस अड्डे का संचालन शुरू हो जाए तो क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और परिवहन व्यवस्था भी बेहतर होगी। कई बार बस अड्डे को चालू कराने की घोषणाएं हुईं, लेकिन वे केवल कागजों तक ही सीमित रह गईं।
अब क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सहसवान रोडवेज बस अड्डे का जल्द से जल्द संचालन शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

