1:35 am Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बिसौली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस लाठीचार्ज और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बिसौली में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर तक विरोध मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार के पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता प्रेमी जी के कैंप कार्यालय से एकत्र होकर तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकालते हुए पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में नीट परीक्षार्थियों की समस्याओं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग संबंधी तख्तियां थीं।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सुरेंद्र कुमार को सौंपा। सभा को संबोधित करते हुए सतीश प्रेमी ने आरोप लगाया कि छात्रों का समर्थन करने पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया है। उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी पर हुई कार्रवाई की भी आलोचना करते हुए इसे शिक्षा विरोधी कदम बताया।

इस दौरान किसानों को खाद की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। सपा नेताओं ने उपजिलाधिकारी को संबोधित एक अन्य ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए क्षेत्र में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। सतीश प्रेमी ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर खाद की आपूर्ति सुचारु नहीं हुई, तो दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन में एड. अल्ताफ हुसैन, गजराज सिंह, काजी शाहनवाज खान, मशहूद खां हमदम, कल्याण सिंह यादव, एड. राजीव यादव, विकास यादव, विनोद यादव, पंकज यादव, अवनीश यादव, कपिल देव, हेमेन्द्र यादव, रविंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस